Advertisement

SKMCH में 128-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन शुरू

-SKMCH में 128-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन शुरू,

-मरीजों को मिलेगी मुफ्त जांच की सुविधा
-सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक मशीन का शुभारंभ, ओपीडी और आईपीडी दोनों के मरीजों को मिलेगा लाभ
-मशीन में कोरोनरी एंजियोग्राफी की भी सुविधा
-पहले 16-स्लाइस मशीन से होती थी जांच

मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां 128-स्लाइस अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन की शुरुआत की गई है। इस मशीन से ओपीडी और आईपीडी दोनों तरह के मरीजों की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी। मशीन में कोरोनरी एंजियोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक जांच की सुविधा अस्पताल परिसर में ही मिल सकेगी।
एसकेएमसीएच के रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विनायक गौतम ने बताया कि प्राचार्या डॉ. कुमारी विभा के निरंतर प्रयास और प्रोत्साहन से यह सुविधा शुरू हो सकी है। उन्होंने कहा कि बिहार और विशेषकर मुजफ्फरपुर के लिए यह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 128-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे विभिन्न बीमारियों की जांच में सहूलियत मिलेगी। कोरोनरी एंजियोग्राफी की सुविधा होने से हृदय संबंधी जांच के क्षेत्र में भी मरीजों को लाभ होगा।


उन्होंने बताया कि इससे पहले एसकेएमसीएच में पीपीपी मोड पर गोयल हॉस्पिटल एवं गोयल डायग्नोस्टिक की ओर से 16-स्लाइस सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध थी। वहां सीटी ब्रेन जांच के लिए 900 रुपये और सीईसीटी ब्रेन जांच के लिए 1300 रुपये शुल्क लिया जा रहा था। नई 128-स्लाइस मशीन से फिलहाल सभी मरीजों को निःशुल्क जांच की सुविधा मिलेगी।
डॉ. गौतम के अनुसार, मशीन पांच साल की वारंटी के साथ उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में मशीन के रखरखाव पर सरकार को अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। भविष्य में यदि किसी परिस्थिति में शुल्क लेना आवश्यक हुआ तो मरीजों से केवल फिल्म और जांच में इस्तेमाल होने वाले कॉन्ट्रास्ट का खर्च लिया जाएगा। यह राशि अधिकतम 300 रुपये तक रहने की बात कही गई है।
इस सुविधा को शुरू कराने में सहयोग देने वाले चिकित्सकों के प्रति डॉ. विनायक गौतम ने आभार जताया। उन्होंने न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक कर्ण, नोडल पदाधिकारी डॉ. आशुतोष और पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. नरेंद्र के सहयोग एवं समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
नई मशीन की शुरुआत से एसकेएमसीएच में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। महंगी जांच के लिए निजी जांच केंद्रों पर निर्भरता कम होगी और सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक चिकित्सा जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।