-पूर्वी चंपारण में 90 कुख्यात अपराधियों पर लगेगा CCA, मेयर पति देवा गुप्ता पर सबसे ज्यादा 29 केस
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल 90 कुख्यात अभियुक्तों के खिलाफ बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) की धारा-3 के तहत प्रस्ताव भेजा गया है।
ये सभी हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, संगठित अपराध, चोरी, जालसाजी, भ्रष्टाचार और शराबबंदी कानून जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त हैं।

– सूची में सबसे ऊपर देवा गुप्ता
पुलिस की सूची में सबसे चर्चित नाम मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति कुमारी के पति और राजद के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देवा गुप्ता का है। उनके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम समेत कुल 29 कांड दर्ज हैं। पिता हरिकिशोर गुप्ता, पता बरई टोला, थाना छतौनी। cd67
एसपी स्वर्ण प्रभात इससे पहले देवा गुप्ता पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुके हैं और कुर्की की चेतावनी भी दे चुके हैं। जिले में यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को लेकर चल रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत की जा रही है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि सभी 90 आरोपियों की सूची को अंतिम स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी के पास भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही संबंधित थानों में इनकी नियमित हाजिरी और जिला बदर समेत अन्य सख्त पाबंदियां लागू हो जाएंगी।











