-राज्य स्तरीय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल बना चैंपियन
-फाइनल में बिहार एकलव्य की टीम को 2-0 से दी शिकस्त, बिंदिया कुमारी ने दागे जीत के दोनों गोल
-सपना कुमारी बनीं बेस्ट डिफेंडर, मीनाक्षी कुमारी को मिला व्यक्तिगत प्रदर्शन का पुरस्कार
मुजफ्फरपुर। समस्तीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल बालिका अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में तिरहुत की टीम ने बिहार एकलव्य को 2-0 गोल से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ ही तिरहुत प्रमंडल की युवा महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और टीम भावना का शानदार परिचय दिया।
फाइनल मुकाबले में शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, तिरहुत प्रमंडल की बिंदिया कुमारी ने पांचवें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार प्रयास किया। खेल के 55वें मिनट में बिंदिया कुमारी ने एक बार फिर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर तिरहुत की बढ़त 2-0 कर दी। अंत तक यही स्कोर कायम रहा और तिरहुत प्रमंडल ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।

प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर तिरहुत प्रमंडल की सपना कुमारी को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार दिया गया। वहीं, मीनाक्षी कुमारी को बेस्ट स्कॉलर (खिलाड़ी) के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस शानदार सफलता पर बिहार महिला फुटबॉल टीम के संयोजक असगर हुसैन ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि तिरहुत जैसे क्षेत्र की बालिकाओं का राज्य स्तर पर चैंपियन बनना उनके सपनों के साकार होने जैसा है। यह उपलब्धि क्षेत्र की उभरती महिला फुटबॉल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं, जिला खेल पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने फोन पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयास से तिरहुत प्रमंडल ने फुटबॉल के मैदान में अपनी पहचान स्थापित की है। यह जीत क्षेत्र में बालिका फुटबॉल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।












