Advertisement

बरौनी-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की लगेज वैन तीन साल के लिए लीज पर

-बरौनी-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की लगेज वैन तीन साल के लिए लीज पर

-सोनपुर मंडल को मिलेगा 22.88 लाख का राजस्व
-गैर-किराया आय बढ़ाने की दिशा में सोनपुर मंडल की पहल
-उपलब्ध रेलवे संसाधनों के व्यावसायिक उपयोग से बढ़ेगी आमदनी

मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल ने गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल प्रशासन ने ट्रेन संख्या 12521 बरौनी-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की लगेज वैन (एफएसएलआर) को आगामी तीन वर्षों के लिए लीज पर आवंटित किया है। इस व्यावसायिक आवंटन से रेलवे को तीन वर्षों में कुल 22.88 लाख रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस आवंटन की प्रक्रिया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) धीरज कुमार के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरी की गई। इसका उद्देश्य रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों और संसाधनों का बेहतर व्यावसायिक उपयोग कर नियमित यात्री किराये के अतिरिक्त आय के नए स्रोत विकसित करना है।


सोनपुर मंडल की ओर से गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार नई व्यावसायिक संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसी कड़ी में लगेज वैन को लंबी अवधि के लिए लीज पर आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इससे रेलवे को एक ओर अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, वहीं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गैर-किराया राजस्व संवर्धन की दिशा में इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी। इसके तहत विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इससे मंडल की आय बढ़ाने के साथ रेलवे की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।