-MGCU में हिंदू अध्ययन में प्रवेश का अंतिम अवसर, 80% सीटें भर चुकीं
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा संचालित एम.ए. हिंदू अध्ययन पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अब कुछ ही सीटें शेष हैं। पाठ्यक्रम शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही 80 प्रतिशत सीटें भर गई हैं, जिससे छात्रों की इस विषय में रुचि स्पष्ट होती है।
विश्वविद्यालय द्वारा यह निर्णय लेते ही बड़ी संख्या में छात्रों ने नामांकन कराया। हिंदू अध्ययन में स्नातकोत्तर उपाधि के प्रति छात्रों का बढ़ता रुझान इस पाठ्यक्रम के महत्व को दर्शाता है। इसमें रोजगार की संभावनाओं के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में भी उपयोगिता है। इस पाठ्यक्रम से विद्यार्थी अपने आचार-विचार और व्यवहार को सुदृढ़ कर जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं, जो वर्तमान तनावपूर्ण माहौल में उपयोगी है।

संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रसून दत्त सिंह ने बताया कि शेष सीटों के लिए यह अंतिम और स्वर्णिम अवसर है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक प्रवेश ले सकते हैं, लेकिन सीटों के तेजी से भरने को देखते हुए शीघ्र आवेदन की सलाह दी गई है।
उन्होंने सभी जिज्ञासु छात्रों से अनुरोध किया कि वे 27 जुलाई 2026 को गांधी भवन, बनकट परिसर स्थित संस्कृत विभाग में उपस्थित होकर अपनी सीट सुनिश्चित करें। प्रो. सिंह ने सभी आगंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए इसे उनके जीवन का महत्वपूर्ण कदम बताया।












