-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर जनरल कोच में बेडरोल के बंडल रखने पर हंगामा
-महिला यात्री ने कोच अटेंडेंट को सुनाई खरी-खोटी
मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ के बीच मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रेलवे की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर बरौनी से गोंदिया जाने वाली गोंदिया एक्सप्रेस के जनरल कोच में बेडरोल के भारी-भरकम बंडल रखे जाने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। पहले से ही यात्रियों से खचाखच भरे कोच में बेडरोल रखे जाने से यात्रियों के लिए चढ़ना-उतरना मुश्किल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के सामान्य कोच में कोच अटेंडेंट ने स्लीपर और एसी बोगियों में इस्तेमाल होने वाले बेडरोल के बंडल रख दिए थे। इससे नाराज एक महिला यात्री ने कोच अटेंडेंट का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। महिला यात्री के समर्थन में अन्य मुसाफिर भी उतर आए और प्लेटफॉर्म पर हंगामे की स्थिति बन गई।

आक्रोशित यात्रियों ने कोच अटेंडेंट को बोगी से बाहर कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और यात्रियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जनरल कोच से बेडरोल के बंडल हटवाए गए। स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रियों को ट्रेन में सवार कराया गया और गोंदिया एक्सप्रेस आगे के लिए रवाना हुई।
दरअसल, छठ महापर्व के बाद रोजगार और कामकाज के लिए दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की भीड़ मुजफ्फरपुर जंक्शन पर लगातार बढ़ रही है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और पंजाब जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनरल से लेकर आरक्षित बोगियों तक में भीड़ के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
वहीं, कई नियमित एक्सप्रेस और पूजा स्पेशल ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार और ट्रेनों में जगह की कमी के बीच यात्रियों में रेलवे की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।












