Advertisement

केनरा बैंक के वित्तीय समावेशन शिविर में जीविका दीदियों को मिली योजनाओं की जानकारी, स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित

-केनरा बैंक के वित्तीय समावेशन शिविर में जीविका दीदियों को मिली योजनाओं की जानकारी, स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित

मुजफ्फरपुर। केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय, मुजफ्फरपुर की ओर से शनिवार को गोबरसही स्थित वाटिका इन परिसर में भव्य वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केनरा बैंक के कार्यपालक निदेशक भावेन्द्र कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने, महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में पटना अंचल के वरिष्ठ बैंक अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक, नाबार्ड के डीडीएम, एलडीएम सहित बैंक के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जीविका की ओर से मुशहरी प्रखंड की जीविका दीदियों के साथ सूक्ष्म वित्त प्रबंधक चन्द्र प्रभात, वाईपी आईएबी पूजा कुमारी और एफआई कंसल्टेंट दिनेश कुमार ने भाग लिया।


शिविर में बैंक अधिकारियों ने जीविका दीदियों को केनरा बैंक की विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण सुविधाओं, वित्तीय समावेशन और वित्तीय साक्षरता के महत्व की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान केनरा बैंक से पूर्व में ऋण प्राप्त कर चुकी जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि बैंक से मिले आर्थिक सहयोग ने उन्हें स्वरोजगार शुरू करने, अपनी आजीविका बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने में काफी मदद की है। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को नए ऋण की स्वीकृति भी दी गई तथा लाभार्थियों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मौके पर कार्यपालक निदेशक भावेन्द्र कुमार ने जीविका दीदियों के प्रयासों और आत्मनिर्भरता के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि केनरा बैंक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की भागीदारी रही।