Advertisement

गंगा ने नाप दी नाले की औकात, कृष्णाघाट तक खींची सीमा रेखा

-गंगा ने नाप दी नाले की औकात, कृष्णाघाट तक खींची सीमा रेखा

पटना। ललितेश्वर प्रसाद सिंह।

पटना में बांसघाट, कलेक्ट्रेट घाट, महेन्द्रूघाट होकर छोटी नदी के रूप में अविरल बह रहे नाले की धारा को शासन प्रशासन ने नहीं, गंगा नदी ने खुद नियंत्रित कर उसे अपनी जद में रहने की नसीहत दी है। बारिश और बाढ़ के दिनों में उछल कूद करते बहते शरारती बच्चे की तरह गंगा मैया की गोद में समाने और नदी का पवित्र जल मैला करने को आतुर नाले को गंगा मैया ने बड़ा सबक सिखाया है। सबक यह कि कलतक जो सीमा रेखा कालीघाट के सामने थी, उसे बढ़ाकर कृष्णा घाट तक कर दी है। गाद के रूप में जमा बालू और मिट्टी दूर तक छोटे टीले का आकार ग्रहण कर चुका है। अब नाले के लिए कृष्णाघाट तक गंगा नदी से मिलना और उसके पवित्र जल को मैला करना तो दूर, नदी को देख पाना भी नाले के लिए मुश्किल हो गया है।


स्थानीय और जानकार बताते हैं कि दशकों पहले यहां नाले का पानी गंगा नदी में ही बहता था। तब नदी की धारा भी कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट होकर बहती थी, लेकिन बाद में नदी के कटाव करने, नदी में बहकर आए बालू और मिट्टी के गाद के रूप में जमा होने, बालू और मिट्टी के बेतरतीब खनन, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के चलते धारा मुड़ती सिमटती चली गई। नतीजा यह कि आज गंगा नदी की धारा दोनों प्रमुख घाटों से डेढ़_दो किलोमीटर दूर चली गई है। वहीं नाला आज नदी की धारा से दूर अपनी सीमा में बहने को लाचार है।