Advertisement

मोदी की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब, बच्चों से लेकर महिलाओं तक में दिखा जबरदस्त उत्साह

-मोदी की एक झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब, बच्चों से लेकर महिलाओं तक में दिखा जबरदस्त उत्साह

-राजापाकर में पीएम की सभा को लेकर सुबह से जुटने लगी थी भीड़
-मोदी के कटआउट के साथ बच्चों ने लगाए जिंदाबाद के नारे

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभा स्थल पर महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर छोटे-छोटे बच्चों में प्रधानमंत्री मोदी को देखने का काफी उत्साह था। बच्चे मोदी का कटआउट लेकर ‘मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए। पूछने पर बच्चों ने बताया कि वे पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने आए हैं।


सभा में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से जीविका दीदियों को सुबह छह बजे ही बसों के माध्यम से सभा स्थल तक पहुंचाया गया था। उनके लिए बसों में खाने-पीने की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।
सभा स्थल के पार्किंग जोन में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचीं बसों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए केवल भाजपा समर्थक ही नहीं, बल्कि विपक्षी दलों से जुड़े लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दी। पूरे इलाके में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह का माहौल बना रहा।
भीड़ के कारण जाफरपट्टी पंचायत की विभिन्न सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रही। पुलिसकर्मियों ने धीरे-धीरे रास्तों को खाली कराकर लोगों को सभा स्थल तक पहुंचने में मदद की। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जाफरपट्टी गांव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।