-कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर कार्यशाला, डीएम ने किया शुभारंभ
मुजफ्फरपुर। कार्यस्थलों पर महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भेदभावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (प्रतिषेध, प्रतितोष और निवारण) अधिनियम, 2013 यानी POSH Act के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला पदाधिकारी कुमार गौरव, राज्य परियोजना प्रबंधक सह राज्य नोडल पदाधिकारी (POSH) अंकिता कश्यप एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS कंचन कुमारी गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण में जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों (Internal Committee) के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भाग लिया। इसके अलावा जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, तमसील आविदा सहित विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तर के कर्मी भी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान POSH अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही आंतरिक समितियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को प्राप्त करने एवं उनके निष्पक्ष निस्तारण की निर्धारित प्रक्रिया पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यस्थलों पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला में शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई करने तथा आंतरिक समितियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाना और POSH अधिनियम का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।












