Advertisement

गायघाट के युवक का कमतौल में जेसीबी से लटका मिला शव, हत्या की आशंका से उठे सवाल

-गायघाट के युवक का कमतौल में जेसीबी से लटका मिला शव, हत्या की आशंका से उठे सवाल

दीपक कुमार/गायघाट/दरभंगा। दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में गायघाट के एक युवक का शव जेसीबी मशीन से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरवाड़ा गांव निवासी 28 वर्षीय राजबली दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह कमतौल क्षेत्र के बरिऔल स्थित राधा मोहन ईंट भट्ठे पर पिछले दो वर्षों से जेसीबी चालक के रूप में काम कर रहा था।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। उसके भाई ने युवक की हत्या कर शव को जेसीबी मशीन से लटकाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।


सूचना मिलने पर कमतौल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं।