Advertisement

सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर छठ घाटों को सजाने में जुटा सरकारी अमला, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

-सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर छठ घाटों को सजाने में जुटा सरकारी अमला, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

-स्टीमर से दो बार घाटों का निरीक्षण कर चुके हैं मुख्यमंत्री
-अधिकारियों को छठव्रतियों की सुविधा में कोई कोताही नहीं बरतने की हिदायत

पटना/ललितेश्वर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त निर्देश के बाद प्रशासनिक महकमा छठ घाटों को सजाने-संवारने और व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुट गया है। मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के भीतर दो बार स्टीमर से गंगा नदी के किनारे स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया था। इसका असर अब घाटों पर चल रहे युद्धस्तरीय कार्यों में साफ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि छठव्रतियों और उनके परिजनों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों तक पहुंचने के लिए संपर्क पथों का निर्माण, साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही खतरनाक घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। इन निर्देशों के बाद नगर निगम, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।


कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट पर तैयारियों में विशेष मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां गंगा नदी तक पहुंचने के लिए दूरी और बालू की रेत के कारण समतलीकरण का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बुधवार को भी ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से बालू एवं मिट्टी हटाने, गड्ढों को भरने और घाटों को समतल करने का काम जारी रहा। इसके अलावा कंट्रोल रूम, चेंजिंग रूम, पानी की टंकी, लाइटिंग और सूचना केंद्र बनाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।
घाट परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। नदी के खतरनाक स्थानों पर बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग कर सुरक्षित स्नान स्थल तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए कैंप भी बनाए जा रहे हैं। वहीं, घाट परिसर की घेराबंदी के साथ बाहर अलग-अलग स्थानों पर शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
कृष्णा घाट, गांधी घाट, गुलबी घाट, हनुमान घाट और कंगन घाट समेत अन्य प्रमुख छठ घाटों पर भी सजावट, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी कार्य तेजी से चल रहे हैं। अधिकारी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान मंत्री, विधायक और वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे थे। प्रशासनिक स्तर पर संपर्क पथों के निर्माण और बैरिकेडिंग का काम पूरा होने की जानकारी दी गई है। फिलहाल घाटों पर सजावट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।