-कुशहर से लापता चार लड़कियां अंबाला कैंट से बरामद, तरियानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिवहर। जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के कुशहर गांव से एक साथ चार लड़कियों के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को अंबाला कैंट से सकुशल बरामद कर लिया। लड़कियों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को तरियानी थाना पुलिस को कुशहर गांव से चार लड़कियों के लापता होने की सूचना मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तरियानी थाना कांड संख्या 285/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस टीम ने लड़कियों के संभावित ठिकानों, आने-जाने के साधनों और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी।

जांच के दौरान पुलिस को लड़कियों के अंबाला कैंट में होने की जानकारी मिली। इसके बाद तरियानी थाना पुलिस ने अंबाला कैंट जीआरपी से समन्वय स्थापित किया और ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता के बाद चारों लड़कियों को अंबाला कैंट से सकुशल बरामद कर लिया गया।
एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चारों लड़कियों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की थी। सघन अनुसंधान और लगातार प्रयास के बाद सभी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि लड़कियों को शिवहर लाने के लिए पुलिस टीम अंबाला भेजी गई है। टीम सभी को सकुशल शिवहर लेकर लौट रही है। लड़कियों की बरामदगी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लड़कियों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।












