-गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से 78 सेंटीमीटर ऊपर, पारू-सरैया में बाढ़ का कहर
मुजफ्फरपुर। जिले में नारायणी यानी गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार बुधवार सुबह गंडक नदी का जलस्तर 55.20 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 54.42 मीटर है। यानी नदी का पानी खतरे के निशान से 78 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है।
पिछले तीन दिनों से जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण साहेबगंज के बाद अब पारू और सरैया प्रखंड भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। सरैया के रेवा घाट और आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने के साथ कटाव कर रहा है और कई घरों में पानी प्रवेश करने की स्थिति बनी हुई है।

वहीं पारू प्रखंड की चांद केवड़िया और चक्की सुगहपुर पंचायत में भी बाढ़ का पानी फैल गया है। नव-निर्माणाधीन चक्की सुगहपुर थाना परिसर में पानी भर जाने से पूरा परिसर जलमग्न हो गया है। थाना परिसर में नाव चलाने जैसी स्थिति बन गई है। परिसर में खड़े पुलिस वाहन भी पानी में डूब गए हैं। लोगों की आवाजाही को देखते हुए यहां नाव की व्यवस्था कराई जा रही है, ताकि थाना का कामकाज प्रभावित न हो।
लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन शुरू कराया गया है तथा अधिकारियों को लगातार निगरानी का निर्देश दिया गया है। डीएम कुमार गौरव स्वयं स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सावधानी बरतने की अपील की है।












