-गंडक में बढ़े जलस्राव के बीच डीएम ने संभाला मोर्चा, साहेबगंज और पारू में राहत-बचाव का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर। नेपाल के तराई क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में बढ़े जलस्राव को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव लगातार प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन समेत अन्य अधिकारी भी सक्रिय हैं।
जिलाधिकारी ने बुधवार को सबसे पहले साहेबगंज प्रखंड में तिरहुत बांध का निरीक्षण कर तटबंध की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हुस्सेपुर में स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर स्थिति की जानकारी और सुझाव लिए। उन्होंने प्रभावित लोगों के बीच शीघ्र पॉलीथिन शीट्स वितरित करने तथा कम्युनिटी किचन संचालित कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद पारू में राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया गया। जयमल डुमरी में लोगों की सहायता के लिए एनडीआरएफ की टीम को तत्काल भेजा गया।
अधिकारियों को मौके पर रहकर राहत कार्य संचालित करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि नदियों का जलस्तर फिलहाल पीक पर है और जल्द कमी आने की उम्मीद है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट हैं तथा तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से पैनिक नहीं करने, सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। प्रशासन ने आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 0621-2212007 पर संपर्क करने की अपील की है।












