Advertisement

बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दें, दशहरा से पहले ₹7 हजार की अनुग्रह राशि देने का निर्देश

-बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दें, दशहरा से पहले ₹7 हजार की अनुग्रह राशि देने का निर्देश

पटना, 30 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पश्चिम चंपारण के बगहा, बैरिया के बथना, योगापट्टी के मच्छरगांवा तथा नौतन के शिवराजपुर, बनकटवा समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सारण के मकेर प्रखंड स्थित हैजलपुर पंचायत में टूटे तटबंध का भी एरियल सर्वे किया।
हवाई सर्वे के बाद मुख्यमंत्री ने बैरिया प्रखंड के बथना स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक रसोई, चिकित्सा शिविर, पेयजल, शौचालय, पशु राहत शिविर और आवासन व्यवस्था की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में लोगों को स्वयं भोजन भी परोसा। उन्होंने अस्थायी आंगनबाड़ी बाल शिविर में बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।


इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नदियों के जलस्तर, तटबंधों और कटाव की लगातार निगरानी करने तथा पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को दशहरा से पहले 7,000 रुपये प्रति परिवार की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में सूखा राशन, राहत सामग्री, पशुओं के लिए चारा और आश्रय की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने और लोगों के अपने घर लौटने तक सामुदायिक रसोई संचालित रखी जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में पानी निकलने की संभावना है। बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई और आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराए जाएंगे।