Advertisement

जयमल डूमरी में गंडक का पुराना तटबंध टूटा, नए इलाकों में तेजी से फैला बाढ़ का पानी

-जयमल डूमरी में गंडक का पुराना तटबंध टूटा, नए इलाकों में तेजी से फैला बाढ़ का पानी

मुजफ्फरपुर। गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पारू प्रखंड क्षेत्र के जयमल डूमरी में गंडक नदी का पुराना तटबंध अचानक टूट गया। तटबंध टूटने के बाद नदी का पानी तेजी से आसपास के नए इलाकों में फैलने लगा। इससे ग्रामीणों में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और बाढ़ का खतरा बढ़ गया।

पानी के तेज बहाव को देखते हुए ग्रामीण अपने मवेशियों, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव अधिकारियों और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तटबंध पर रहकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने तथा राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हैं। अधिकारियों के निर्देश पर टूटे तटबंध की मरम्मत के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। विभाग के अभियंता कटावरोधी सामग्री और बालू की बोरियों की मदद से तटबंध को मजबूत करने तथा पानी के फैलाव को नियंत्रित करने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।