-मीनापुर में उर्वरक खुदरा विक्रेताओं ने उठाव नहीं करने का किया ऐलान, बिना टैगिंग और उचित रेट पर खाद नहीं मिलने का आरोप
मुजफ्फरपुर। मीनापुर किसान भवन में शनिवार को खुदरा उर्वरक विक्रेता संघ की बैठक हुई। बैठक में विक्रेताओं ने उर्वरक की आपूर्ति में कथित अनियमितता और निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए उर्वरक का उठाव नहीं करने की घोषणा की।
विक्रेताओं का कहना है कि बिना टैगिंग के उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और उचित दर पर भी खाद नहीं मिल रही है। इससे खुदरा विक्रेताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संघ के सदस्यों ने बताया कि यूरिया करीब 280 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है, जबकि डीएपी की कीमत 1700 से 1800 रुपये तक बताई गई। इसके अलावा पलदारी का खर्च भी अलग से लिया जाता है। विक्रेताओं का आरोप है कि इन परिस्थितियों में निर्धारित कीमत पर किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है।
बैठक में खुदरा विक्रेताओं ने कहा कि जब तक बिना टैगिंग के उर्वरक की समस्या और उचित दर पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं होती, तब तक वे उर्वरक का उठाव नहीं करेंगे। विक्रेताओं ने संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।













