Advertisement

गंगा के बढ़ते जलस्तर से बिहार में बाढ़ का खतरा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल करेंगे हवाई सर्वेक्षण

-गंगा के बढ़ते जलस्तर से बिहार में बाढ़ का खतरा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल करेंगे हवाई सर्वेक्षण

पटना, 3 सितंबर(दीपक)। बिहार में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और इसके बाद उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राहत एवं बचाव तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। बैठक में नदियों के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा जाए तथा प्रभावित इलाकों में पर्याप्त संख्या में राहत एवं बचाव दल उपलब्ध रहें। संभावित बाढ़ को देखते हुए सुरक्षित आश्रय स्थल, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर पूरी तरह सजग है और आम लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

खतरे के निशान से 1.65 मीटर ऊपर पहुंचा गंगा का जलस्तर:

गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 1 सितंबर को सुबह 6 बजे 49.40 मीटर और शाम 6 बजे 49.50 मीटर दर्ज किया गया था। 2 सितंबर को सुबह जलस्तर 49.71 मीटर और शाम को 49.98 मीटर पहुंच गया। वहीं 3 सितंबर की सुबह 6 बजे जलस्तर 50.18 मीटर और दोपहर 12 बजे 50.25 मीटर दर्ज किया गया।
यह जलस्तर खतरे के निशान से 1.65 मीटर अधिक है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इसे देखते हुए सरकार ने राहत और बचाव से जुड़ी सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।