‘मौन संवाद’ का भव्य लोकार्पण, साहित्यकारों ने कृति की संवेदनशीलता को सराहा
मुजफ्फरपुर। नवयुवक समिति ट्रस्ट भवन सभागार, छोटी सरैयागंज, मुजफ्फरपुर में साहित्यकार एवं कवि सुमन कुमार मिश्र के चर्चित एवं बहुप्रतीक्षित काव्य संग्रह “मौन संवाद” का लोकार्पण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संजय पंकज ने की, जबकि संचालन डॉ. पंकज कर्ण ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विनोद कुमार चौधरी थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. शेखर शंकर मिश्र, डॉ. देवब्रत अकेला, डॉ. बृजभूषण मिश्र एवं डॉ. रामेश्वर द्विवेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पमालाओं से सम्मान किया गया। समारोह में वक्ताओं ने सुमन कुमार मिश्र के प्रथम काव्य संग्रह “मौन संवाद” में संकलित रचनाओं के विविध आयामों पर प्रकाश डालते हुए उसकी संवेदनशीलता, भाव-सौंदर्य एवं साहित्यिक महत्ता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

लोकार्पण समारोह के साथ आयोजित कवि गोष्ठी ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। इस अवसर पर कवि डॉ. हरिकिशोर प्रसाद सिंह, हास्य-व्यंग्य के प्रसिद्ध कवि डॉ. जगदीश शर्मा, भोजपुरी के चर्चित कवि सतेन्द्र कुमार सत्येन, कवि ओम प्रकाश गुप्ता, लेखिका चांदनी समर, रामबृक्ष राम चकपुरी, अशोक भारती, शायर सिग्बतुल्ला हमीदी, महफूज आरिफ, प्रमोद नारायण मिश्र, मुन्नी चौधरी, श्रवण कुमार, अनिल कुमार, संवेदनशील कवि अंजनी कुमार पाठक, कवि अरुण कुमार तुलसी, साहित्यकार देवेंद्र कुमार, कवयित्री एवं गायिका सुप्रिया सोनी, शुभ नारायण शुभंकर तथा मुक्तक विधा के सशक्त हस्ताक्षर दिनबंधु आजाद ने अपनी रचनाओं एवं विचारों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम में नागरिक मोर्चा के महासचिव मोहन सिन्हा, चिराग पोद्दार, दीनदयाल राणा, व्यवस्था सहयोगी अजय कुमार एवं सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी और श्रोतागण उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में कवि एवं साहित्यकार सुमन कुमार मिश्र ने उपस्थित अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। तत्पश्चात अध्यक्ष की अनुमति से कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।












