Advertisement

भारत सरकार ने नेपाल को दिए 10 कैदी वाहन, भारत-नेपाल संबंधों को बताया ऐतिहासिक

-भारत सरकार ने नेपाल को दिए 10 कैदी वाहन, भारत-नेपाल संबंधों को बताया ऐतिहासिक

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। भारत सरकार ने नेपाल को 10 कैदी वाहन उपहार स्वरूप प्रदान किए हैं। यह वाहन भारतीय वाणिज्य महादूतावास वीरगंज की ओर से नेपाल सरकार को सौंपे गए।

वीरगंज स्थित भारतीय वाणिज्य महादूतावास में आयोजित एक सादे समारोह में भारतीय वाणिज्य महादूत श्री देवी सहाय मीणा ने पर्सा के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) भोला दहाल को वाहन की चाभी सुपुर्द की।

इस अवसर पर वाणिज्य महादूत श्री मीणा ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध त्रेता युग से चले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश भले ही अलग राष्ट्र हों, लेकिन उनकी सभ्यता, संस्कृति और परंपराएं समान हैं। भारत लगातार नेपाल को शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करता रहा है।

वहीं पर्सा के सीडीओ भोला दहाल ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सहयोग को दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक बताया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नेपाल में चुनाव के दौरान भारत सरकार ने मार्च महीने में 640 एसयूवी, पिकअप एवं ट्रक उपहार स्वरूप उपलब्ध कराए थे।