-साहेबगंज की किसान की बेटी अर्चना ने नेशनल स्कूल गेम्स में जीता कांस्य पदक, थांग-ता चैंपियनशिप में बिहार का बढ़ाया मान
-दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंडर-14 वर्ग में किया शानदार प्रदर्शन
-सीमित संसाधनों के बीच मेहनत से हासिल की सफलता
साहेबगंज (मुजफ्फरपुर)। किसान की बेटी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। साहेबगंज के वैद्यनाथपुर स्थित सार्थक प्राइमरी स्कूल की छात्रा अर्चना कुमारी ने 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स की थांग-ता चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार का मान बढ़ाया है। दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने कुल पांच पदक हासिल किए।
अर्चना ने अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वह कक्षा आठवीं की मेधावी छात्रा हैं।

एक साधारण किसान परिवार से आने वाली अर्चना ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और नियमित अभ्यास से यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से परिवार के साथ विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
अर्चना की इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच अशफाक अहमद और विद्यालय के प्रिंसिपल राजा सर का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा है। विद्यालय के निदेशक सुरेश प्रसाद चौधरी ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
किसान राकेश भगत की पुत्री अर्चना मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के कैथवलिया गांव की रहने वाली हैं। फिलहाल उनकी स्कूली शिक्षा साहेबगंज, मुजफ्फरपुर में हो रही है। अर्चना ने अपनी प्रतिभा से साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से अर्चना आसपास की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












