-चांदनी चौक पर खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, एक घंटे तक मची अफरातफरी
-दो दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
मुजफ्फरपुर। जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदनी चौक के पास बीती रात एक खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों और दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, उक्त ट्रक काफी समय से चांदनी चौक के समीप खड़ा था। बीती रात अचानक ट्रक से घना धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेज थी कि ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग और ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो दमकल गाड़ियों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रारंभिक जांच में ट्रक की वायरिंग में शॉर्ट-सर्किट की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, घटनास्थल के आसपास जलती बीड़ी या सिगरेट फेंके जाने से आग लगने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए ब्रह्मपुरा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।












