Advertisement

सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों से गुणवत्तापूर्ण निगरानी सुनिश्चित करें : आयुक्त

-सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों से गुणवत्तापूर्ण निगरानी सुनिश्चित करें : आयुक्त

-तिरहुत प्रमंडल के छह जिलों की जिला-स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में कैमरों की गुणवत्ता
-क्रियाशीलता और फुटेज की हुई समीक्षा

मुजफ्फरपुर। तिरहुत प्रमंडल के सभी जिलों के पुलिस थानों एवं आउटपोस्ट में सीसीटीवी कैमरों से गुणवत्तापूर्ण निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने दिया है। गुरुवार को आयुक्त कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जिला-स्तरीय निगरानी समिति (डीएलओसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण घटक हैं। सीसीटीवी कैमरे आम जनता के संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बैठक में आयुक्त ने तिरहुत प्रमंडल के सभी छह जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों से थानों और आउटपोस्ट में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन, तकनीकी विशिष्टता, गुणवत्ता, क्रियाशीलता, रखरखाव एवं फुटेज की समीक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि थानों में सुरक्षित रखे गए सीसीटीवी फुटेज की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लोगों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

आयुक्त ने कहा कि प्रमंडल के सभी अधिसूचित एवं भवन निर्मित थानों तथा आउटपोस्ट में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का प्रभावी अनुश्रवण किया जा रहा है। एजेंसियों के माध्यम से इनका नियमित रखरखाव भी कराया जा रहा है। उन्होंने नए थानों एवं आउटपोस्ट में भी गृह विभाग के निर्देशों के अनुरूप सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को कैमरों और फुटेज की नियमित निगरानी करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुलिस अधीक्षकों को नियमित समीक्षा करने, संबंधित एजेंसियों से कैमरों का रखरखाव कराने और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को थानाध्यक्षों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने कहा कि पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन एवं निगरानी के लिए गठित जिला-स्तरीय निगरानी समिति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी संबंधित पदाधिकारी अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन करें और गृह विभाग के आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।

इसके अलावा थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी विशिष्टियों, गुणवत्ता एवं क्रियाशीलता का समय-समय पर भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया। सत्यापन से संबंधित प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में अपर पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण-सह-नोडल पदाधिकारी, सीसीटीवी परियोजना, बिहार के साथ प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय को भी उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, पुलिस उप महानिरीक्षक, चंपारण क्षेत्र, प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।