-सरैयागंज टावर के पास ई-रिक्शा पर सवार महिला का पर्स चोरी
-दो महिलाओं समेत तीन संदिग्धों पर शक
मुजफ्फरपुर। शहर के नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके सरैयागंज टावर के पास शातिर बदमाशों ने ई-रिक्शा पर सवार एक महिला का रुपये से भरा पर्स चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। पीड़िता की पहचान मूल रूप से कोलकाता निवासी और वर्तमान में जिले के जैतपुर इलाके में रह रही सीमा देवी के रूप में हुई है। मामले को लेकर उन्होंने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार, वह किसी काम और खरीदारी के सिलसिले में सरैयागंज आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद घर लौटने के लिए सरैयागंज टावर के पास एक ई-रिक्शा पर सवार हुईं। इसी दौरान ई-रिक्शा में दो महिलाओं समेत तीन संदिग्ध लोग भी आकर बैठ गए। सफर के दौरान भीड़भाड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके बैग से रुपये से भरा पर्स गायब कर दिया।

कुछ देर बाद जब सीमा देवी ने अपना बैग चेक किया तो पर्स गायब मिला। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, लेकिन तब तक तीनों संदिग्ध ई-रिक्शा से उतरकर फरार हो चुके थे। इसके बाद पीड़िता ने नगर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
नगर थाना पुलिस सरैयागंज टावर और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और ऑटो-ई-रिक्शा में महिला चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है।












