-छठ पर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा, होल्डिंग एरिया में बिछेगा कालीन
-सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की पार्किंग पर रोक
मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जंक्शन के दोनों होल्डिंग एरिया में कालीन बिछाने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने जंक्शन का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जंक्शन के नॉर्थ और साउथ साइड में बने दोनों होल्डिंग एरिया का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की आवाजाही और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि होल्डिंग एरिया में यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कालीन बिछाने के साथ पेयजल, पर्याप्त रोशनी और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा ।

डीआरएम ने जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया को पूरी तरह खाली रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए इस क्षेत्र में किसी भी वाहन की पार्किंग नहीं होनी चाहिए। वाहनों के अनियंत्रित तरीके से खड़े होने से भीड़ बढ़ती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस निर्देश का सख्ती से पालन कराने को कहा गया।
दिन ढलने के बाद समस्तीपुर मंडल के एडीआरएम सन्नी सिन्हा भी अपनी तकनीकी टीम के साथ मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। उनके साथ रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के अधिकारी भी मौजूद रहे। एडीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर जंक्शन के सभी प्रवेश और निकास द्वारों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने, यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।












