-बेनीबाद में दर्दनाक हादसा: शौच के लिए निकली महिला को अनियंत्रित पिकअप ने कुचला, मौके पर मौत; चालक बागमती नदी में कूदा
दीपक कुमार/ गायघाट
गायघाट (मुजफ्फरपुर)। बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव के समीप गुरुवार की सुबह एनएच-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 43 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शौच के लिए घर से निकली महिला को तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप को पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से चालक बागमती नदी में छलांग लगाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान केवटसा गांव निवासी फकीरा पासवान की 43 वर्षीय पत्नी पुनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब छह बजे पुनीता देवी शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान एनएच-27 पर तेज रफ्तार से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा पिकअप, नदी में कूदा चालक
हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से भागने लगा। महिला की मौत से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और बेनीबाद स्थित खादी भंडार के पास उसे पकड़ लिया। हालांकि, ग्रामीणों के पकड़ने के डर से चालक पिकअप छोड़कर पास की बागमती नदी में कूद गया और फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना की गश्ती टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर थाने लाया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में मातम
महिला की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद केवटसा गांव में मातम पसरा हुआ है। सुबह-सुबह हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल बेनीबाद पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।












