Advertisement

राजापाकर के स्वर्णमोल रत्न का बिहार अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन, विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दिखाएंगे दम

-राजापाकर के स्वर्णमोल रत्न का बिहार अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन, विजय मर्चेंट ट्रॉफी में दिखाएंगे दम

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। राजापाकर प्रखंड के राजापाकर बाजार निवासी युवा क्रिकेटर स्वर्णमोल रत्न का बिहार अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। विजय मर्चेंट ट्रॉफी 2026-27 के लिए बिहार की घोषित 15 सदस्यीय टीम में जगह मिलने से प्रखंड सहित पूरे जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। उनके चयन पर खेल प्रेमियों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

स्वर्णमोल रत्न राजापाकर बाजार निवासी इंजीनियर अमोल रत्न के पुत्र तथा सेवानिवृत्त प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरनाथ प्रसाद गुप्ता के पौत्र हैं। उनका जन्म राजापाकर में हुआ है। उनके दादाजी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में मुजफ्फरपुर के गोबरसही में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार का राजापाकर से भी जुड़ाव बना हुआ है।

गुजरात के बड़ोदरा में 14 नवंबर से आयोजित होने वाली विजय मर्चेंट ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए घोषित बिहार टीम में स्वर्णमोल को शामिल किया गया है। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।

स्वर्णमोल का क्रिकेट सफर तीसरी कक्षा से शुरू हुआ था। स्कूल शिक्षक तालीब अली ने उनकी प्रतिभा पहचानकर उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली के पुश स्पोर्ट्स से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। आगे चलकर उन्होंने प्रसिद्ध क्रिकेट प्रशिक्षक मनीष ओझा के मार्गदर्शन में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की बारीकियां सीखीं। मनीष ओझा युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के भी कोच रह चुके हैं।

स्वर्णमोल के क्रिकेट रिकॉर्ड भी उनकी निरंतर मेहनत को दर्शाते हैं। अब तक वह 569 मैचों में 20,632 रन बना चुके हैं। उनके नाम 48 शतक और 120 अर्धशतक दर्ज हैं।

उनके चयन पर प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, मुखिया सरिता पटेल, केसीआई निदेशक एसपी सिंह, न्यूटन क्लासेस के निदेशक अमरनाथ चौहान, अनिल कुमार, ओमनाथ गुप्ता, आदित्य राज, बंटी कुमार, नीरज कुमार, विकास कुमार सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।