-श्रद्धापूर्वक मनाई गई भगवान धन्वंतरि की जयंती, आयुर्वेद की महत्ता पर हुई चर्चा
मुजफ्फरपुर। छोटी सरैयागंज स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क चिकित्सा सेवा केंद्र में शुक्रवार को भगवान धन्वंतरि का प्राकट्य दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। श्री नवयुवक युवक ट्रस्ट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने की, जबकि संचालन डॉ. प्रदीप कुमार अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके जीवन और महिमा का गुणगान किया।

वक्ताओं ने कहा कि आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा परंपरा की अमूल्य धरोहर है। आज विश्वभर में आयुर्वेद की उपयोगिता और महत्ता को स्वीकार किया जा रहा है। इसके प्रचार-प्रसार और जनमानस तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में डॉ. जगदीश शर्मा, डॉ. विनोद गुप्ता, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. अंजनी कुमार नाथानी, अर्जुन गुप्ता, अजय कुमार, सुरेंद्र पासवान और मुन्नी चौधरी समेत कई लोग उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन नागरिक मोर्चा के मोहन प्रसाद सिन्हा ने किया।











