Advertisement

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, कार्यपालक पदाधिकारियों को दिए युद्धस्तर पर काम के निर्देश

-छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, कार्यपालक पदाधिकारियों को दिए युद्धस्तर पर काम के निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने आज जिले के सभी नगर परिषद / नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम मोतिहारी श्री आशीष कुमार भी उपस्थित थे।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी घाटों की तैयारी युद्धस्तर पर पूरी की जाए।

– बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने
घाटों की सफाई और रास्तों की मरम्मत का निर्देश दिया। कहा कि सभी चिन्हित छठ घाटों की मुकम्मल सफाई कराई जाए। नदी, तालाब और पोखरों तक जाने वाले पहुंच पथ को दुरुस्त और समतल किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा और बैरीकेडिंग की व्यवस्था करें। जिसमें
गहरे पानी वाले खतरनाक घाटों को चिन्हित कर वहां लाल कपड़ा और संकेतक बोर्ड लगाया जाए। नदी और बड़े तालाबों में पानी के भीतर मजबूत बैरीकेडिंग की जाए। घाटों पर गोताखोरों की टीम को मुस्तैद रखा जाएगा।
इस दौरान रोशनी की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया। कहा कि
शाम और सुबह के अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी के लिए घाटों और संपर्क मार्गों पर एलईडी लाइटें, हैलोजन और जनरेटर की बैकअप व्यवस्था की जाए।
वहीं पेयजल और मेडिकल सुविधा बेहतर हो। इसके लिए
घाटों पर शुद्ध पेयजल के लिए वाटर टैंकर की व्यवस्था की जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में रहकर रोजाना सुबह-शाम घाटों का निरीक्षण करने और प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पालन करें और खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर जाने से बचें, ताकि इस महापर्व को पूरी पवित्रता और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।