Advertisement

सड़क दुर्घटना में गयी जान,दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

-सड़क दुर्घटना में गयी जान,दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पूसा। समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी हरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-02 निवासी उमेश राम (35) का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल ओपी थाना क्षेत्र के बखरी में सड़क दुर्घटना में उमेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी दिन शाम करीब छह बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। वह होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजकुमार के क्लीनिक में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत थे।


घटना की जानकारी मिलने पर भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।
उमेश राम अपने पीछे नौ वर्षीय पुत्री और सात वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। कम उम्र में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रौशन कुमार ने दिवंगत उमेश राम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मौके पर होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजकुमार, युवा समाजसेवी अविनाश वर्मा, विक्की शाह, मो. आलमगीर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।