-शिवदाहा में भीषण अगलगी, सतनाम यादव का घर जलकर राख; बाइक समेत लाखों की संपत्ति बर्बाद
दीपक कुमार/गायघाट।
बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा गांव में देर रात अचानक लगी भीषण आग से सतनाम यादव का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। अगलगी की इस घटना में घर में रखे सामान के साथ एक बाइक भी जलकर नष्ट हो गई। हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
पीड़ित सतनाम यादव ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। देर रात अचानक आग की लपटें उठने से परिवार में अफरातफरी मच गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे घरेलू सामान, जरूरी वस्तुएं और बाइक आग में जलकर राख हो गईं।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट उत्पन्न हो गया है। अगलगी से परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
इधर, अंचलाधिकारी पुष्प राज ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











