Advertisement

शिवदाहा विशेश्वर मार्केट में 24 सितंबर से लगेगा ऐतिहासिक इंद्र मेला

-शिवदाहा विशेश्वर मार्केट में 24 सितंबर से लगेगा ऐतिहासिक इंद्र मेला

गायघाट/मुजफ्फरपुर(दीपक)। गायघाट प्रखंड के शिवदाहा विशेश्वर मार्केट परिसर में आगामी 24 सितंबर से ऐतिहासिक इंद्र पूजा एवं मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में अभी से ही भक्ति और उत्साह का माहौल बनने लगा है। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मेला समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में धूमधाम से ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद यादव ने की। ध्वजारोहण का अनुष्ठान पंडित चंद्रशेखर उपाध्याय के वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-पाठ के बीच संपन्न हुआ।

इस दौरान दर्जनों ग्रामीण एवं स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इंद्र पूजा एवं मेले के सफल आयोजन के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मेला समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि 24 सितंबर से शुरू होने वाले इंद्र मेले में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पूजा स्थल के साथ पूरे मार्केट परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शिवदाहा का इंद्र मेला वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का हिस्सा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग यहां पूजा-अर्चना और मेले का आनंद लेने पहुंचते हैं। इस बार मेले को पहले से अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है।