Advertisement

घोसरामा कबड्डी लीग में महादेव युवा क्लब मतलुपुर ने मारी बाजी, 60-40 से जीता फाइनल

-घोसरामा कबड्डी लीग में महादेव युवा क्लब मतलुपुर ने मारी बाजी, 60-40 से जीता फाइनल

दीपक कुमार | बंदरा

प्रखंड क्षेत्र के मतलुपुर पंचायत अंतर्गत घोसरामा बुनियादी विद्यालय के समीप शुक्रवार को नवयुवक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में घोसरामा कबड्डी लीग का आयोजन किया गया। एक दिवसीय टूर्नामेंट में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले में महादेव युवा क्लब, मतलुपुर की टीम ने घोसरामा को 60-40 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

टूर्नामेंट में अपने सभी लीग मैच जीतकर घोसरामा और महादेव युवा क्लब, मतलुपुर की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, महादेव युवा क्लब के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 20 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।

मैच के बाद पूजा समिति के अध्यक्ष सह मतलुपुर पैक्स अध्यक्ष नवीन कुमार, सचिव मुन्ना सिंह और पूर्व उपमुखिया मंटुन राम ने संयुक्त रूप से विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं, खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए गए। विजेता टीम के प्रियांशु कुमार को बेस्ट रेडर और प्रकाश कुमार को बेस्ट डिफेंडर चुना गया। जबकि उपविजेता टीम के ऋषि कुमार को बेस्ट रेडर का पुरस्कार दिया गया।

मैच में रेफरी की भूमिका सुमन कुमार, कुणाल कुमार और आदित्य कुमार ने निभाई। वहीं, कमेंटेटर के रूप में एमडी जाहुल तथा स्कोरर के रूप में राजा कुमार और प्रिंस कुमार ने योगदान दिया। आयोजन को सफल बनाने में सुमन, दीपांशु, आदित्य, ऋषि समेत अन्य युवाओं की सक्रिय भूमिका रही। प्रतियोगिता को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।