Advertisement

राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी को मिला चुनाव चिन्ह ‘गैस सिलेंडर’

-राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी को मिला चुनाव चिन्ह ‘गैस सिलेंडर’

जनकपुरधाम(नेपाल)।
नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री राजेंद्र महतो द्वारा स्थापित राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी को निर्वाचन आयोग ने रजिस्टर कर लिया है। यह पार्टी नेपाल में 201वें क्रम में आधिकारिक रूप से पंजीकृत हुई है। आयोग ने पार्टी को ‘गैस सिलेंडर’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया है।

राजेंद्र महतो, जिन्होंने नेपाल सद्भावना पार्टी से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था, स्वर्गीय गजेंद्र नारायण सिंह के करीबी सहयोगी थे। वे नेपाल सरकार में वाणिज्य, आपूर्ति, स्वास्थ्य, और जनसंख्या मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, वे कुछ समय के लिए उप प्रधानमंत्री भी रहे। महतो ने सर्लाही और धनुषा जिलों से सांसद के रूप में भी प्रतिनिधित्व किया।

लोसपा पार्टी के अध्यक्ष पद पर रहते हुए महंत ठाकुर के साथ मतभेद के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी और राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा का गठन किया। इस नए मंच के माध्यम से उन्होंने मधेशी समुदाय के साथ-साथ खस वर्ग के दलित और आदिवासी वर्गों को भी जोड़ा, जिन्हें भरपूर समर्थन मिला।

राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी को निर्वाचन आयोग द्वारा पंजीकरण और चुनाव चिन्ह मिलने के बाद पार्टी में उत्साह का माहौल है। संस्थापक सदस्य रमन पांडेय, राजीव झा, संजय कुमार सिंह, संजय कुमार चौधरी, विनोद साह, दीपक झा, और राम कृपाल साह सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने इसे पार्टी के प्रचार-प्रसार और संगठन की मजबूती का अवसर बताया।

नेताओं ने घोषणा की कि अब पार्टी पूरे देश में सदस्यता अभियान चलाएगी और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करेगी।

#राष्ट्रीय_मुक्ति_पार्टी #राजेंद्र_महतो #गैस_सिलेंडर_चुनाव_चिन्ह #नेपाल_राजनीति #मधेशी_अधिकार