-मुजफ्फरपुर में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
-18-19 वर्ष के युवाओं, छात्र-छात्राओं और महिलाओं से नाम जुड़वाने की अपील -21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान दिवस
मुजफ्फरपुर। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। गुरुवार, 12 नवंबर को जिले में एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। प्रारूप प्रकाशन के बाद समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त वयस्क मताधिकार बहुमूल्य अधिकार है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। उन्होंने 18-19 वर्ष के प्रथम बार के मतदाताओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और युवाओं सहित सभी छूटे हुए पात्र व्यक्तियों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए ‘नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइंड’ के सिद्धांत पर काम करना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को पात्र होने वाले युवाओं के साथ-साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की अर्हता तिथियों पर पात्र होने वाले भावी मतदाता भी अग्रिम आवेदन दे सकते हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए दो विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। पहला अभियान 21 एवं 22 नवंबर तथा दूसरा अभियान 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगा। इन तिथियों पर संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से आवेदन, दावा एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा पता परिवर्तन, प्रविष्टियों में सुधार, दिव्यांग मतदाता चिह्नित करने और ईपीआईसी में बदलाव के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन ECINET ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। वहीं, ऑफलाइन आवेदन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय, अनुमंडल निर्वाचन कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए कोचिंग संस्थानों, महिला महाविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों, मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में विशेष जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। निर्वाचन साक्षरता क्लब और स्वीप गतिविधियों के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। महिला मतदाताओं एवं अन्य कम प्रतिनिधित्व वाले समूहों का पंजीकरण बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सत्यप्रिय कुमार ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म-7 के माध्यम से नाम हटाने संबंधी प्रत्येक आपत्ति पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। सुनवाई एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही मतदाता सूची से किसी का नाम हटाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को लक्ष्य आधारित तरीके से काम करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। राजनीतिक दलों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर जिले में कुल 4,186 मतदान केंद्र हैं, जहां 4,186 बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) कार्यरत हैं। जिले में 11 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और 74 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तैनात हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची ही निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का मजबूत आधार है। इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।












