Advertisement

सूर्यदेव के सात घोड़े, गंगा मैया और छठव्रतियों की भव्य प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र, जागरण में छोटू छलिया और देवी जमाएंगे रंग

-सूर्यदेव के सात घोड़े, गंगा मैया और छठव्रतियों की भव्य प्रतिमाएं बनीं आकर्षण का केंद्र, जागरण में छोटू छलिया और देवी जमाएंगे रंग

पटना/ललितेश्वर। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। गंगा घाटों पर छठव्रतियों के स्वागत और उनकी सुविधाओं को लेकर प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न छठ पूजा समितियां भी पूरी तत्परता से जुटी हैं। कहीं भव्य तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं तो कहीं आकर्षक पंडाल और प्रतिमाओं के जरिए छठ की धार्मिक महत्ता को जीवंत रूप दिया जा रहा है।

कलेक्ट्रेट घाट के समीप कलेक्ट्रेट गेट पर बने भव्य पूजा पंडाल में भगवान सूर्यदेव, उनके सात घोड़े, गंगा मैया और छठव्रतियों की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रतिमाओं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। अब रंग-रोगन और सजावट का काम शेष है। कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट घाट, अशोक राजपथ से सिविल कोर्ट और बिरला मंदिर रोड तक जगह-जगह तोरणद्वार और पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिससे पूरा इलाका छठमय नजर आने लगा है।

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष एवं लक्ष्मी नारायण काली मंदिर के महंत हठयोगी बर्फानी बाबा तथा सचिव रोहित उर्फ विक्की ने बताया कि खरना के दिन पंडाल में प्रतिमाओं की स्थापना के साथ विधिवत पूजा शुरू होगी, जिसका समापन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दिन होगा। पूजा की पूरी प्रक्रिया मिथिला की पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। समिति की ओर से छठव्रतियों के बीच निःशुल्क नारियल, सूप और साड़ी का वितरण किया जाएगा। वहीं, पारण के दिन गंगा घाट से लौटने वाले व्रतियों के लिए मुफ्त चाय और चिकित्सा सुविधा की भी व्यवस्था रहेगी।

इधर, कलेक्ट्रेट अंटाघाट छठ पूजा समिति ने भी श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यापक तैयारी की है। समिति के अध्यक्ष ऋतिक कुमार ने बताया कि खरना के दिन छठव्रतियों के बीच निःशुल्क सूप और फल वितरित किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट घाट तक आकर्षक तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 23 नवंबर को विकास भवन के समीप भव्य छठ जागरण का आयोजन होगा। इसमें डिकोस्टा ग्रुप के मशहूर कलाकार छोटू छलिया, आदित्य सम्राट और गायिका देवी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

बिरला मंदिर रोड पर भी छठ पूजा समिति की ओर से आकर्षक तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। समिति के अध्यक्ष रवि कुमार और सचिव सुधीर यादव ने बताया कि नहाय-खाय के दिन छठव्रतियों के बीच निःशुल्क कद्दू का वितरण किया जाएगा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दिन कपूर, माचिस, धूप और अगरबत्ती उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट जाने वाले व्रतियों को मुफ्त दूध और लौटने पर चाय दी जाएगी।

वहीं, अशोक राजपथ से सिविल कोर्ट होते हुए महेन्द्रू घाट तक छठव्रतियों के स्वागत की तैयारी की जा रही है। महेन्द्रू घाट छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रास्ते की साफ-सफाई, रोशनी और आकर्षक तोरणद्वार निर्माण का काम समिति की ओर से कराया जा रहा है।

कुल मिलाकर, राजधानी में छठ पूजा समितियों की तैयारियां इस बार धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सजावट से लेकर निःशुल्क पूजन सामग्री, चाय, दूध, भंडारा और चिकित्सा सुविधा तक की व्यवस्था ने छठ महापर्व की रौनक बढ़ा दी है।