मौसम: बिहार में फिर से मौसम मारेगा पलटी
-बिहार में फिर शुरू होगा बारिश का दौर
-23 अक्टूबर से मौसम मारेगा पलटी
-स्वेटर-कंबल निकाल लीजिए!
संवाददाता। पटना।
बिहार में ठंड बढ़ने लगी है, तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग ने 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात बनने की संभावना जताई है। इस कारण 23 से 26 अक्टूबर तक कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवा चलने की उम्मीद है। इससे ठंड और बढ़ेगी। रविवार को पटना में तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को यह 20 डिग्री, शुक्रवार को 21 डिग्री और गुरुवार को 20.5 डिग्री था। लोग अब एसी और कूलर का इस्तेमाल कम कर रहे हैं। लेकिन अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में भी तापमान सामान्य से अधिक है।
मौसम विभाग का कहना है कि 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने की आशंका है। इसके असर से बिहार के कुछ जिलों में 23 से 26 अक्टूबर तक हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इस वजह से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि चक्रवात का सबसे अधिक असर दक्षिण बिहार में देखने को मिलेगा। 23 अक्टूबर को दक्षिण-मध्य, पूर्वी और 24 अक्टूबर को दक्षिण भाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
25 अक्टूबर को पूरे बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ सकती हैं। हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। 26 अक्टूबर को दक्षिण और उत्तर-पूर्व भाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ने की संभावना है।

अभी बिहार का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक है। अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में राज्य का औसत अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस रहता है, जो अभी 30-32 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान पिछले कुछ वर्षों में 20-21 डिग्री सेल्सियस रहता था, जो इस समय 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच है।












