-सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिली खेल सामग्री
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बसरा खेल मैदान में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। युवाओं की शारीरिक तैयारी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जंपिंग गद्दा, रनिंग किट समेत अन्य आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
खेल सामग्री का उद्घाटन शुक्रवार को लोक कार्य समिति के अध्यक्ष सह पूर्व राजापाकर विधानसभा प्रत्याशी मोहित पासवान, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल, समाजसेवी बास्कित राय, एआईएसएफ के जिला उपाध्यक्ष राजा हिप्पा, अभिषेक कुमार उर्फ छोटू कुमार सहित अन्य लोगों ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर मोहित पासवान समेत उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में देश सेवा का जज्बा और सेना में भर्ती होने की ललक है। संसाधनों के अभाव में उनकी तैयारी प्रभावित नहीं हो, इसके लिए सामूहिक सहयोग से खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को शारीरिक दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे दर्जनों युवा मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। साथ ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।













