-दुर्गापूजा से छठ तक स्कूलों में छुट्टियों की भरमार
-जानें अक्टूबर-नवंबर का पूरा शेड्यूल
मुजफ्फरपुर। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अक्टूबर और नवंबर का महीना छुट्टियों के लिहाज से खास रहने वाला है। शिक्षा विभाग के 2026 के अवकाश कैलेंडर के अनुसार दुर्गापूजा से लेकर छठ पूजा तक विभिन्न पर्वों पर विद्यालयों में अवकाश रहेगा। हालांकि, छुट्टियों के बीच कई दिनों में विद्यालय नियमित रूप से खुले भी रहेंगे।
अक्टूबर में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर अवकाश रहेगा। वहीं जीवित्पुत्रिका व्रत यानी जितिया की छुट्टी में बदलाव करते हुए इसे 3 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है। 4 अक्टूबर को रविवार होने के कारण स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद 5 अक्टूबर से विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेंगे।
इसके बाद 11 अक्टूबर को दुर्गापूजा कलश स्थापना के अवसर पर अवकाश रहेगा। वहीं दुर्गापूजा के लिए 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक पांच दिनों की छुट्टी निर्धारित की गई है। इस तरह अक्टूबर में पर्वों के कारण कुल आठ दिनों का अवकाश रहेगा, जबकि रविवार की छुट्टियां इसमें अलग से शामिल नहीं हैं। दुर्गापूजा की छुट्टी समाप्त होने के बाद 22 अक्टूबर से स्कूलों में फिर पढ़ाई शुरू होगी।

नवंबर में दीपावली, चित्रगुप्त पूजा, भैया दूज और छठ पूजा के अवसर पर लंबा अवकाश रहेगा। कैलेंडर के अनुसार 7 नवंबर से 17 नवंबर तक कुल 10 दिनों का अवकाश निर्धारित है। इसके बाद 18 नवंबर से विद्यालयों में पढ़ाई दोबारा शुरू होगी।
राज्य के निर्धारित अवकाश कैलेंडर के अनुसार मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर के सरकारी स्कूलों में भी यही अवकाश लागू रहेगा। यह व्यवस्था राजकीय, राजकीयकृत, परियोजना, उत्क्रमित प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों समेत संबंधित सरकारी विद्यालयों पर लागू होगी।












