-कांटी की जर्जर सड़कें बनीं डेंजर जोन, मरम्मत नहीं होने से बढ़ा हादसे का खतरा
कांटी। पथ निर्माण विभाग डिवीजन-1 की कथित उदासीनता के कारण कांटी नगर परिषद क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़कों को हादसे का डेंजर जोन बताते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
कांटी हाई स्कूल से पुराना चौक, नया चौक, अस्पताल रोड, प्रखंड चौक, स्टेशन रोड होते हुए शेरना की ओर जाने वाले करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग में कई जगह सड़क की स्थिति खराब है। कांटी रेलिंग पुल के समीप भी सड़क जर्जर हो गई है। यह मार्ग वार्ड छह और 15 के सीमांकन क्षेत्र में आता है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है।

इसी तरह कांटी पेट्रोल पंप से कांटी थाना, हनुमान मंदिर होते हुए कांटी पुराना चौक तक जाने वाली पुरानी मोतिहारी रोड भी कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग की तीन-चार वर्षों से मरम्मत नहीं होने की बात स्थानीय लोग कह रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। इस संबंध में एसडीएम पश्चिमी स्नेहा कुमारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामले में लापरवाही की जांच कर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।













