-पीजी परीक्षा में दो बार गलत प्रश्नपत्र, छात्रों ने किया बहिष्कार
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के परीक्षा हॉल में शनिवार को पीजी चतुर्थ सेमेस्टर (सत्र 2024-26) की परीक्षा के दौरान गलत प्रश्नपत्र बांटे जाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। दूसरी पाली में दोपहर एक बजे परीक्षा शुरू होनी थी। उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र मिलने के बाद परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र गलत होने का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रश्नपत्र वापस लेकर दूसरा प्रश्नपत्र वितरित किया, लेकिन दूसरा प्रश्नपत्र भी गलत निकला। इससे आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया और परीक्षा हॉल से बाहर निकल आए।
दो बार गलत प्रश्नपत्र मिलने से नाराज परीक्षार्थी परीक्षा भवन के बाहर एकत्रित हो गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी परीक्षा दोबारा शुरू नहीं हो सकी। हंगामे की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. विपिन कुमार राय और परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरविंद कुमार भी परीक्षा केंद्र पहुंचे और आक्रोशित छात्र-छात्राओं से बातचीत शुरू की।

हंगामा कर रहे परीक्षार्थियों का कहना था कि परीक्षा केंद्र पर पांच मिनट देर से पहुंचने पर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया जाता है, जबकि विश्वविद्यालय की गलती के कारण उनका डेढ़ घंटे से अधिक समय बर्बाद हो गया। दरभंगा, मधुबनी और बेतिया समेत दूर-दराज के जिलों से परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों, खासकर छात्राओं ने कहा कि परीक्षा में देरी होने से शाम को घर लौटने में परेशानी होगी।
पीजी परीक्षा में गलत प्रश्नपत्र बांटे जाने की घटना के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले एडमिट कार्ड नहीं मिलने के विरोध में एमडीडीएम कॉलेज की छात्राओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर परीक्षार्थियों में विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।












