Advertisement

मोतिहारी को 285 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन-शिलान्यास

-मोतिहारी को 285 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन-शिलान्यास

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्वी चंपारण जिले को करीब 285 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने मजुरहां-बैरुआ घाट पर नवनिर्मित पुल का उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होने से चकिया और केसरिया क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। इसके अलावा धनौती नदी पर मझराहा से बालगंगा को जोड़ने वाले नए पुल का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने अरेराज जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण की भी घोषणा की।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बड़ियारपुर में मेडिकल कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही मोतिहारी में तारामंडल (प्लैनेटेरियम) स्थापित करने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें दो लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पीएचडी करने वाली छात्राओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, मंत्री केदार गुप्ता समेत जिले के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विकास योजनाओं के उद्घाटन और नई घोषणाओं से जिले में विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।