-मुजफ्फरपुर में मासिक कवि गोष्ठी संपन्न, कवियों ने रचनाओं से बांधा समां
मुजफ्फरपुर। श्री नवयुवक समिति ट्रस्ट, छोटी सरैयागंज के सभागार में श्री नटवर साहित्य परिषद् के तत्वावधान में मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि अंजनी कुमार पाठक ने की, जबकि संचालन युवा शायर उमेश राज ने किया।
कवि गोष्ठी का शुभारंभ आचार्य जानकी बल्लभ शास्त्री के महावाणी स्मरण के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्य प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया। हास्य-व्यंग्य के चर्चित कवि डॉ. जगदीश शर्मा ने अपनी रचना “गरजे बादल शहर में जाकर, बरसे गांव के खेतों में” प्रस्तुत की। वहीं ओम प्रकाश गुप्ता ने “समय को समय पर पहचानिए हुजूर, कौन अपना कौन पराया जानिए जरूर” सुनाकर श्रोताओं को सोचने पर मजबूर किया।

अध्यक्ष अंजनी कुमार पाठक ने अपनी भावपूर्ण रचना “हे माँ, जग का कल्याण करो” का पाठ किया। संचालन कर रहे उमेश राज ने “दस्ते सहरा में कोई जुगनू झिलमिलाता तो है, वो चांद मुझे देखकर दूर से मुस्कुराता तो है” प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। इसके अलावा अशोक भारती, अरुण कुमार तुलसी तथा परशुराम प्रसाद ब्याहुत ने भी अपनी रचनाओं का पाठ किया, जिन्हें श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
कार्यक्रम में श्री नवयुवक समिति ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रणवीर अभिमन्यु, नागरिक मोर्चा के महासचिव मोहन सिन्हा, पप्पू निशात, नंदकिशोर पोद्दार, सुरेंद्र कुमार, चिराग पोद्दार सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मासिक कवि गोष्ठी के संयोजक डॉ. जगदीश शर्मा ने सभी कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष की अनुमति से आगामी मासिक गोष्ठी तक कार्यक्रम स्थगित करने की घोषणा की गई।












