Advertisement

मुजफ्फरपुर में गोदाम के पीछे झाड़ियों में मिला सिक्योरिटी गार्ड का अर्धनग्न शव, हत्या की आशंका

-मुजफ्फरपुर में गोदाम के पीछे झाड़ियों में मिला सिक्योरिटी गार्ड का अर्धनग्न शव, हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर। बेला थाना क्षेत्र के फेज-1 स्थित नारायणपुर में गुरुवार को खाद और सीमेंट गोदाम के पीछे झाड़ियों से एक सिक्योरिटी गार्ड का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नीम चौक निवासी शिवनारायण भगत के रूप में बताई जा रही है। वह शहर के एक बड़े कारोबारी के यहां सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था।
शव मिलने की सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर दिया। एएसपी टाउन-1 सुरेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती आशंका है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बेटे ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति उनकी मां को यह बताने पहुंचा था कि उनके पिता की तबीयत खराब है। इसके बाद परिवार के लोगों ने कई बार शिवनारायण के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों में उनका शव पड़ा मिला। बेटे ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पटना से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। बेला थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। एफएसएल टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक नमूने जुटाएगी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान घटनास्थल के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और शव को यहां कब तथा किस तरह लाया गया।
थानाध्यक्ष प्रीतेश गिरी के अनुसार, घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है और वैज्ञानिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से मौत के कारण तथा घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।