-मुजफ्फरपुर: औराई के मधुबन प्रताप में बागमती उपधारा में दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
मुजफ्फरपुर/औराई। संवाददाता – दीपक कुमार।
औराई प्रखंड अंतर्गत मधुबन प्रताप गांव में बागमती नदी की उपधारा में एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की सुबह नदी किनारे पशु चरा रहे लोगों ने पानी में अचानक हलचल देखी। जब पास जाकर देखा गया तो एक बड़ा मगरमच्छ किनारे की ओर आता हुआ नजर आया।
इस दृश्य को देखकर आसपास के ग्रामीण भयभीत हो गए और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी गई। कुछ लोगों ने मोबाइल से मगरमच्छ का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों की मानें तो इस क्षेत्र में पहले कभी मगरमच्छ नहीं देखा गया था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। बच्चे और महिलाएं अब नदी के किनारे जाने से कतरा रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिल चुकी है और टीम को मौके पर भेजा गया है। विभाग इसकी निगरानी कर रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
बागमती नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी ने इलाके के लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है। लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए।












