-माधोपुर सुस्ता को नगर निगम में शामिल करने की कवायद तेज, प्रस्ताव भेजने की समय-सीमा 30 सितंबर तक बढ़ी
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर नगर निगम के सीमा विस्तार की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। नगर निगम क्षेत्र से सटे कच्चीपक्की के समीप स्थित माधोपुर सुस्ता को नगर निगम में शामिल करने की कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर नए सिरे से औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निकायों के विलय और क्षेत्र विस्तार से संबंधित प्रस्ताव भेजने की समय-सीमा बढ़ा दी है। विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने मुजफ्फरपुर समेत राज्य के सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर प्रस्ताव भेजने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। इससे माधोपुर सुस्ता को नगर निगम में शामिल करने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।

यदि माधोपुर सुस्ता पंचायत को नगर निगम क्षेत्र में शामिल किया जाता है, तो क्षेत्र में शहरी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों को ड्रेनेज सिस्टम, ठोस कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, पक्की सड़क, शुद्ध पेयजल आपूर्ति समेत अन्य नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा सकेगा। साथ ही मास्टर प्लान के तहत क्षेत्र का सुनियोजित विकास करने में भी मदद मिलेगी।
विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार, बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की विभिन्न धाराओं के तहत तैयार प्रस्तावों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में गठित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति प्रस्ताव की समीक्षा करेगी। समिति की स्वीकृति के बाद अंतिम प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा।
विभागीय समीक्षा के बाद विभिन्न जिलों से मिले अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव भेजने की समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब संबंधित जिलों के अधिकारी स्थानीय स्तर पर आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 30 सितंबर तक विभाग को भेज सकेंगे।











