-सकरा में 4500 नए राशन कार्डधारकों का KYC बाकी, मुफ्त अनाज पर रोक का खतरा
मुजफ्फरपुर/सकरा। प्रखंड के करीब 4500 नए राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर है। इन उपभोक्ताओं का अब तक KYC पूरा नहीं होने के कारण जन वितरण प्रणाली की दुकानों से मिलने वाले मुफ्त अनाज का लाभ प्रभावित होने का खतरा है। विभाग ने KYC प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) सविता कुमारी ने क्षेत्र के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं और संबंधित उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द KYC पूरा कराने का निर्देश दिया है। विभागीय स्तर पर स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर संबंधित परिवारों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है।

डीलर्स एसोसिएशन के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी और महबूब रजा ने बताया कि सकरा प्रखंड में करीब 6300 नए उपभोक्ताओं के नाम राशन कार्ड से जुड़े हैं। इनमें लगभग 4500 उपभोक्ताओं का KYC सत्यापन अभी बाकी है। बड़ी संख्या में KYC लंबित रहने से राशन वितरण व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संबंधित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली विक्रेता से संपर्क कर आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेज के साथ जल्द KYC की प्रक्रिया पूरी कराएं। इससे राशन योजना का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।











