Advertisement

मुख्य सड़क पर जल-जमाव से ग्रामीण परेशान, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप

-मुख्य सड़क पर जल-जमाव से ग्रामीण परेशान, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप

पूसा/समस्तीपुर, 30 मई 2026। पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 एवं 7 में जल-जमाव की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भुस्कौल चौक से पहले समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य सड़क पर हल्की बारिश के बाद भी पानी जमा हो जाने से राहगीरों, छात्रों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो जाता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इस संबंध में पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी एवं भाकपा-माले युवा नेता रौशन कुमार यादव ने प्रखंड प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि आम जनता की बुनियादी समस्याओं के प्रति प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का उदासीन रवैया चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

रौशन कुमार यादव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय ग्रामीणों को संगठित कर जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

मौके पर गणेश कुमार, राजीव कुमार, मनदीप कुमार, जितेंद्र कुमार समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।