-महात्मा गांधी की जयंती पर जनकपुरधाम में कार्यक्रम, प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनकपुर बौद्धिक समाज के अध्यक्ष एवं जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका वार्ड संख्या-23 के अध्यक्ष राघवेंद्र साह ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय प्रचारक भोगेंद्र लाल कर्ण ने गांधीजी के विचारों और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे। भारत को स्वतंत्रता दिलाने के संघर्ष में उन्होंने सत्य और अहिंसा को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राघवेंद्र साह ने कहा कि आगामी दिनों में जनकपुरधाम उप-महानगरपालिका के वार्ड संख्या-23 में महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार और उनके आदर्श समाज के लिए आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में रामेश्वर साह, वरिष्ठ पत्रकार नारायण साह, अभय शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।













